नालागढ़ के नए बस अड्डे से बाजार की ओर बैग लेकर पैदल आते हुए यात्री- संवाद।
बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चों को करना पड़ रहा एक किलोमीटर का सफर
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़(सोलन)। नालागढ़ में नया बस अड्डा चालू होने के बाद यात्रियों को एक नई समस्या से जूझना पड़ रहा है। बाहर से आने वाले यात्रियों को नालागढ़ बाजार, अस्पताल व कोर्ट जाने के लिए पैदल जाना पड़ रहा है। बुजुर्ग, महिलाओं व बच्चों को सामान के साथ काफी परेशानी होती है। पुराने बस अड्डे से करीब एक किमी की दूरी पर नया बस अड्ड़ा बना है। राजपुरा, दभोटा की ओर से आने वाली बसें सीधी नए बस अड़्डे पर जाती है। जिन लोगों कोर्ट, अस्पताल व बाजार में काम होता है उन्हें यहां से एक किमी पैदल जाना पड़ता है। परेशानी तो उस समय होती है जब सामान के साथ महिला व बच्चों को इतनी दूरी का सफर तय करना पड़ता है। दूसरी ओर से कालका व बद्दी की ओर से आने वाली लंबे रूट की बसें भी कई बार बाईपास होकर नए बस अड्डे आती हैं। इससे यात्रियों को अपने घर पहुंचने में परेशानी होती है। ढेंरोवाल निवासी तारू, गुरपाल, देवराज, ढाणा के गुरचरण, कमल, लज्जा राम व कुलदीप ने बताया कि पंजाब की ओर से आने वाली सभी बसें अब नए बस अड्डे तक जाती है। इससे बाजार में सामान लेने जाने वाले लोगों को पैदल सफर करना पड़ता है। दभोटा निवासी राजिंदर व भाटियां निवासी अमर सिंह व विक्की ने निगम से मांग की है कि सभी बसों को नए बस अड्डे जाने से पहले पुराने बस अड्डे पर जाने के भी निर्देश दिए जाएं। उधर, क्षेत्रीय प्रबंधक अखिल अग्निहोत्री ने बताया कि परिवहन निगम ने सभी बस चालकों को निर्देश दिए हैं कि रोपड़ या दभोटा की ओर से आने वाली बसें पुराने बस अड्डे पर यात्रियों को उतारें। इसी तरह, कालका की ओर से आने वाली लंबी दूरी की बसों को भी आदेश दिए गए हैं कि वे बाईपास की बजाय यात्रियों को पुराने अड्डे पर उतारें। यह निर्देश केवल परिवहन निगम की बसों के लिए लागू हैं।