दो राज्यों का पुल होने के कारण लंबित पड़ा था मामला पुल निर्माण के लिए राज्य 50-50 फीसदी राशि करेंगे वहन
2023 में मूसलाधार बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुआ था पुल
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। बीबीएनआईए ने नालागढ़-भरतगढ़ सड़क पर दभोटा गांव में पुल का कार्य शुरू हो गया है। दो राज्यों के बीच पुल निर्माण को लेकर चल रहा विवाद खत्म हो गया है। अब दोनों राज्य पुल निर्माण के लिए 50-50 फीसदी लागत वहन करेंगे। पुल से लोगों को काफी लाभ पहुंचेगा। जुलाई 2023 में मूसलाधार बारिश के दौरान नालागढ़-भरतगढ़ सड़क पर दभोटा पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। इस सड़क पर यात्रियों को बड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पुल का आधा हिस्सा हिमाचल प्रदेश और आधा हिस्सा पंजाब में पड़ता है। इस कारण पुल निर्माण करने में दिक्कत पेश आ रही थी।
दोनों राज्य सरकारों के साथ मामला उठाने के बाद यह निर्णय लिया गया कि दोनों राज्य क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर नया पुल बनाएंगे।
अब यहां पर कार्य शुरू हो गया है। इसके लिए लोगों ने विधायक और लोक निर्माण विभाग का आभार जताया है। इस कार्य को पूरा होने में नौ माह का समय लगेगा।