मंडावाला में भी चालू हुआ पुल, वाहन चालकों को मिली सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। पिंजौर-नालागढ़ फोरलेन का कार्य तेजी से चल रहा है। ट्रक यूनियन बद्दी के साथ लगते नाले पर दोनों ओर से पुल चालू कर दिया गया। यहां पर सबसे ज्यादा जाम लगता था। इन दोनों पुलों के चलने से रेड लाइट चौक तक डबल लाइन चालू कर दिया है। यहां पर सबसे ज्यादा जाम लगता था लेकिन अब जाम से लोगों को राहत मिलनी शुरू हो गई है।
बद्दी के रेड लाइट चौक से एक लाइन ही ट्रक यूनियन तक थी। जिस पर पिछले दो साल से जाम की स्थिति बनी हुई थी। गणपति भारत प्राइवेट लिमिटेड की ओर से इस बचे हुए काम का ठेका 378 करोड़ में लिया गया। कंपनी ने यह काम शुरू कर दिया है। पहले मंडावाला में डबल पुल को चालू किया। अब ट्रक यूनियन के पास भी दोनों पुलों को चालू कर दिया है। इसके अलावा किशनपुरा, मानपुरा, खरूणी, खेड़ा, बागवानियां, किरपालपुर आदि जाम वाले स्थानों पर काम शुरू हो गया है। उधर, कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि जिन स्थानों पर जाम लग रहा है वहां पर कंपनी की ओर से पहले काम करके वाहन चालकों को राहत पहुंचाई जाएगी। रेड लाइट चौक पर दोनों ओर से सड़क तैयार कर दी जाएगी। इससे जाम से और निजात मिलेगी।