पोस्टमार्टम के बाद वाहन में थाने के समीप रखा शव, जताया रोष
आरोपी चालक की गिरफ्तारी और मेडिकल करवाने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। एनएच-707 पर बद्रीपुर-तारुवाला के बीच हुए सड़क हादसे में बिलासपुर के पंकज (26) की मौत के बाद मामला गरमा गया है। परिजनों व ग्रामीणों ने शनिवार को आरोपी थार चालक का मेडिकल करवाने और गिरफ्तारी की मांग की। शव को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस थाना के समीप गाड़ी में रखकर विरोध जताया।
शुक्रवार को बद्रीपुर चौक से कुछ दूरी पर सड़क हादसा हुआ। एक थार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में बिलासपुर के ग्राम भगतपुर गांव निवासी पंकज की मौत हो गई। युवक पांवटा साहिब में एक कंपनी में कार्य करता था। लोगों का कहना है कि ड्यूटी के बाद वापस कमरे की तरफ लौट रहा था। इसी दौरान हादसे का शिकार हो गया। परिजनों के पांवटा पहुंचने पर शनिवार को शव का पोस्टमार्टम हुआ। जब बिलासपुर से परिजन पांवटा साहिब पहुंचे, तो उन्होंने पोस्टमार्टम के बाद शव को थाने के समीप वाहन में रखकर प्रदर्शन किया। परिजनों गौरव चौधरी, बुआ सोमा देवी, भाई शुभम ठाकुर, अक्षू, मोहित ठाकुर, हर्ष ठाकुर, सचिन व सौरव आदि ने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। परिजनों का कहना था कि अब तक आरोपी थार चालक का मेडिकल तक नहीं करवाया गया है। लगभग दो घंटे तक विरोध के बाद परिजनों ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच और आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों को पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
एसपी एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया है और आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। चालक का मेडिकल करवाने के साथ-साथ उसके ब्लड सैंपल भी जांच के लिए भेज दिए गए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह नशे में था या नहीं।
उधर, करीब दो घंटे तक रोष प्रकट करने के बाद पुलिस के ठोस आश्वासन और आरोपी के मेडिकल की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन शव लेकर बिलासपुर के लिए रवाना हुए।