युवाओं को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने में आ रही दिक्कत
रोजाना सैकड़ों अभ्यर्थी करते हैं प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी
वर्ष 2017 में पुराने उपायुक्त कार्यालय में खुला था बुक हब
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। बुक हब में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों के लिए नई पुस्तकें न होने से अभ्यर्थी परेशान हैं। बुक हब में रोजाना सैकड़ों युवा पहुंचते हैं, लेकिन उन्हें नई पुस्तकें नहीं मिलने से पुरानी से गुजारा करना पड़ रहा है। बुक हब में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं और छात्रों को काफी लाभ भी मिल रहा है, लेकिन बुक हब में नई पुस्तकें न होने से आधुनिक गतिविधियों से संबंधित ज्ञान नहीं मिल पा रहा है। इस कारण अभ्यर्थियों को पुरानी ही पुस्तकें खरीदनी पड़ रही हैं। हालांकि बुक हब कमेटी अभ्यर्थियों की मांगों को प्रशासन के समक्ष कई बार उठा चुकी है। फिर भी पुस्तकालय में नई पुस्तकों की कमी देखी जा रही है।
बुक हब के कमेटी के सदस्य विनीत तोमर, नीरज चंदेल, गौरव शर्मा, कविता शर्मा, संजू ठाकुर, नीरज राणा ने बताया कि पुस्तकालय में काफी समय से नई पुस्तकें नहीं आ रही हैं। इस वजह से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को परेशानी हो रही है। उन्होंने प्रशासन से अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए जल्द नवीनतम पुस्तकें देने की मांग उठाई है।
गौर रहे कि बुक हब सोलन 2017 में स्थापित हुआ था। रोजाना सुबह 05:00 बजे से रात 11:00 बजे तक बुक हब खुला रहता है। इसमें रोजाना प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयारी करने के लिए युवा पढ़ने के लिए आते हैं। बुक हब में फिलहाल 270 अभ्यर्थियों की बैठने की क्षमता है। इसके अलावा साफ-सफाई समेत कैंटीन समेत छात्राओं को मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है। हालांकि इस बारे में सदस्यों की ओर से जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। इस पर जिला प्रशासन कार्य कर रहा है।