नालागढ़ (सोलन)। अंतरराष्ट्रीय रेडक्रॉस दिवस पर रेडक्रॉस सोसायटी नालागढ़ की ओर से मेगा रक्तदान शिविर लगाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा ने की। उन्होंने कहा कि पीड़ित मानवता की सेवा के लिए रेडक्रॉस सोसायटी महत्वपूर्ण भूमिका अदा करती है। समाज के सभी नागरिकों को स्वेच्छा से आगे आकर सहयोग करना चाहिए ताकि जरूरतमंदों की सहायता की जा सके। विधायक ने रक्तदाताओं को सम्मानित किया। शिविर में 201 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। 150 यूनिट रक्त को पीजीआई चंडीगढ़ भेजा जाएगा, जबकि 51 यूनिट रक्त रक्तकोष नालागढ़ में सुरक्षित रखा जाएगा। शिविर में उपमंडलाधिकारी एवं रेडक्रॉस सोसायटी नालागढ़ के अध्यक्ष नालागढ़ राजकुमार सहित अन्य ने भी रक्तदान किया। इस अवसर पर नगर परिषद नालागढ़ के अध्यक्ष वंदना बंसल, तहसीलदार नालागढ़ हुस्न चंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।