ब्लड डोनेट करने पर क्षेत्रीय अस्पताल सोलन की डॉ. चारु को प्रमाण पत्र देते एमएस डॉ. राकेश पंवार।
30 जून तक किया जाएगा शिविर का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में बुधवार को रक्तदान दिवस के अवसर पर विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर 30 जून तक अस्पताल परिसर में जारी रहेगा। शिविर का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। शिविर के पहले ही दिन स्थानीय लोगों, अस्पताल स्टाफ और डॉक्टरों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पहले दिन लगभग 20 से 25 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया, जिससे 20 से अधिक रक्त यूनिट एकत्र हुईं। अस्पताल प्रशासन की ओर रक्तदाताओं को प्रोत्साहन स्वरूप प्रमाणपत्र भी प्रदान किए जा रहे हैं। अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सकों और कर्मचारियों ने भी रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया। इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक राकेश पंवार ने शिविर का निरीक्षण किया और बताया कि अस्पताल में साल में दो बार इस तरह के शिविर आयोजित किए जाते हैं, ताकि ऑपरेशन और आपातकालीन मामलों में रक्त की कमी न हो। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में रक्तदान करना अपेक्षाकृत आसान होता है और इससे दाताओं को किसी प्रकार की विशेष परेशानी नहीं होती।
ब्लड डोनेट करने पर क्षेत्रीय अस्पताल सोलन की डॉ. चारु को प्रमाण पत्र देते एमएस डॉ. राकेश पंवार।