सोलन की मूलभूत समस्याओं का शीघ्र समाधान को लेकर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते भाजपा सोलन शहरी मंडल
- फोटो : 1
पेयजल संकट, जर्जर सड़कें और अधूरा जिला अस्पताल कार्य पूरा करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। भारतीय जनता पार्टी सोलन शहरी मंडल के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में उपायुक्त सोलन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में सोलन शहर की प्रमुख समस्याओं पेयजल संकट, जर्जर सड़कों और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की गई। ज्ञापन में कहा गया कि सोलन शहर लंबे समय से पेयजल संकट से जूझ रहा है। गर्मियों के मौसम में कई-कई दिनों तक पानी की आपूर्ति बाधित रहती है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा शहर और आसपास के क्षेत्रों की कई सड़कें जर्जर हालत में हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। भाजपा ने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर भी चिंता जताई। ज्ञापन में कहा गया कि चंबाघाट में प्रस्तावित जिला अस्पताल का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा हुआ है, जिससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। सरकार से इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने की मांग की गई। मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता ने कहा कि सरकार जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में विफल रही है। यदि शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भाजपा सोलन शहरी मंडल जनता के साथ मिलकर बड़ा जन आंदोलन करने को बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। इस अवसर पर पूर्व विधानसभा प्रत्याशी डॉ. राजेश कश्यप, जिला महामंत्री भरत साहनी, मंडल पदाधिकारी, पार्षदगण तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।