परवाणू में सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन करते भाजपा के कार्यकर्ता। स्रोत : पार्टी
संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू (सोलन)। प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ परवाणू में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार धरना प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक डॉ. राजीव सैजल और भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्षा डॉ. डेजी ठाकुर के नेतृत्व में हिमगिरि मंदिर से मुख्य बाजार चौक तक रोष रैली निकाली गई। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर चुनावी वादे पूरे न करने का आरोप लगाया। उन्होंने महिलाओं को आर्थिक सहायता, युवाओं को रोजगार और किसानों से जुड़े वादों को अधूरा बताया गया। साथ ही कानून-व्यवस्था और संस्थानों के बंद होने पर भी सरकार को घेरा गया। डॉ. सैजल ने कहा कि प्रदेश में आर्थिक स्थिति बिगड़ रही है। प्रदेश में सरकार के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस मौके पर कसौली व धर्मपुर मंडलों के अध्यक्ष व कार्यकर्ता मौजूद रहे।