हालत नाजुक होने पर पीजीआई रेफर
बिलासपुर का रहने वाला है युवक, झाड़माजरी के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। पुलिस थाना बरोटीवाला के तहत झाड़माजरी में एक बाइक ट्रक की चपेट में आ गया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। बेहोशी की हालत में उसे स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन हालत नाजुक होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार हादसा शनिवार देर शाम हुआ। बताया जा रहा है कि झाड़माजरी के राम धर्मकांटा के पास बिलासपुर निवासी पंकज कुमार बाइक पर सवार तेज रफ्तार से आ रहा था जो दूसरी ओर से आ रहे ट्रक से टकरा गया। आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार पंकज गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे झाड़माजरी के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया।
उधर, थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने सूचना मिलते ही घायल युवक को उपचार के लिए पहले स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। लेकिन हालत खराब होने पर उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि युवक हालत स्थिर है और उसकी हालत खतरे से बाहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।