एचएएस परीक्षा पास कर नाम किया रोशन
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ की किरपालपुर पंचायत निवासी भारतेंद्र सिंह पाल, पुत्र स्वर्गीय जोधबीर सिंह पाल, ने एचएएस परीक्षा उत्तीर्ण कर बीडीओ (खंड विकास अधिकारी) पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। भारतेंद्र सिंह पाल पिछले पांच वर्षों से प्रशासनिक सेवाओं की परीक्षा की तैयारी में जुटे हुए थे।
इससे पूर्व उन्होंने आईएएस परीक्षा भी पास की थी, लेकिन साक्षात्कार चरण में रह गए थे। लगातार प्रयासों के बाद पांच साल में उन्हें यह बड़ी सफलता मिली। भारतेंद्र सिंह पाल मूल रूप से अर्की क्षेत्र के रहने वाले हैं। उनके पिता भारतीय नौसेना में कार्यरत थे। सेवानिवृत्ति के बाद परिवार ने नालागढ़ के किरपालपुर में अपना मकान बनाया। भारतेंद्र ने परीक्षा की तैयारी के लिए चंडीगढ़ से कोचिंग ली।
उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपनी बहनों और दोस्तों को दिया है। भारतेंद्र सिंह पाल फिलहाल बीडीओ पद पर कार्यभार ग्रहण करेंगे, लेकिन भविष्य में दोबारा एचएएस परीक्षा देकर अपनी रैंक और बेहतर करने का लक्ष्य भी रखते हैं।