आबकारी कराधान विभाग की टीम ने परवाणू क्षेत्र में की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू(सोलन)। परवाणू के साथ लगते मसूलखाना व जाबली में आबकारी कराधान विभाग ने कार्रवाई करते हुए दो ठेकों के चालान किए हैं। आबकारी एवं कराधान विभाग को शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ ठेकों में तय दाम से अधिक रेट पर बीयर बेची जा रही है। जिस पर विभाग के अधिकारियों द्वारा जांच करने पर पाया गया कि दो ठेकों में बीयर तय रेट से अधिक दाम पर बेची जा रही थी। जबकि शराब तय दाम पर ही बिक रही थी।
सरकार द्वारा बोतलों के एमएसपी तय कर रखे हैं। जिस पर ठेकेदार अधिकतम 30 फीसदी से अधिक रेट पर बीयर व शराब बेच सकते हैं। जबकि जांच में पाया कि बीयर इससे अधिक रेट पर बेची जा रही थी और परवाणू में बिना लाइसेंस के एक अहाते का भी चालान किया गया।
उधर इस बारे में आबकारी एवं कराधान विभाग सोलन के आयुक्त देव कांत खाची ने बताया कि परवाणू क्षेत्र में विभाग की ओर से अधिक दाम पर बीयर बेचने पर दो ठेकों पर कार्रवाई की गई है। विभाग लगातार इस तरह की छापामारी आगे भी करता रहेगा।