स्वास्थ्य महकमे ने हर्बल रंग का प्रयोग करने का लोगों से किया आग्रह
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में ऑनकाल सेवाएं देंगे चर्म रोग विशेषज्ञ
गैस व फोम कलर स्प्रे से भी दूर रहने की एडवाइजरी की जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। रंगों का त्योहार होली को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। विभाग ने त्योहार पर अधिक चमक वाले रंगों का प्रयोग न करने की सलाह दी है। इसी के साथ खुरदरे रंगों से भी सावधान रहने के लिए कहा है। लोगों की सेहत को मद्देनजर रखते हुए महकमे ने एडवाइजरी जारी कर दी है। एडवाइजरी के अनुसार लोगों को हर्बल रंग का प्रयोग करने का ही आग्रह किया है। वहीं, गैस व फोम कलर स्प्रे से दूर रहने के लिए भी कहा है ताकि शरीर पर किसी भी प्रकार का दुष्प्रभाव ये सब चीजें न डाल सके। दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल में रंग से होने वालों एलर्जी के मामलों को लेकर भी कमर कसी हुई है। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में चर्म रोग व नेत्र रोग विशेषज्ञ ऑनकाल सेवाएं देंगे। जबकि आपातकालीन स्थिति में सुबह दोपहर और रात में चिकित्सकों की ड्यूटी रहेगी। गौर रहे कि होली पर्व की आड़ में बाजार में कई प्रकार के मिलावटी रंग बिकते है। ऐसे में ये सीधा स्किन को नुकसान पहुंचते है। कई बार रंग लेते हुए हम अधिक चमक व खुरदरा पन नहीं देखते है। इससे शरीर मे एलर्जी हो जाती है। चिकित्सकों ने आग्रह किया है कि अगर कोई रंग के बाद एलर्जी हो जाए तो वे तुरंत अस्पताल का रुख करें ताकि रंग के दुष्प्रभाव के असर को समय रहते कम किया जा सके।
त्वचा से जुड़ी एलर्जी
-खुजली
-लाल चकत्ते
-जलन और सूजन
-त्वचा का फटना या रुखा हो जाना
आंखों से जुड़ी एलर्जी
-आंखों में जलन और लाल होना
-सूजन या खुजली
-पानी आना
सांस संबंधी दिक्कतें
-छींक आना या नाक बहना
-गले में खराश
-अस्थमा के मरीजों को सांस लेने में तकलीफ
एलर्जी से बचने के उपाय
-रंगों का सीधा संपर्क त्वचा से कम करने के लिए लंबी बाजू के कपड़े, सनग्लासेस और स्कार्फ पहनें।
-होली खेलने से पहले सरसों, नारियल या जैतून का तेल लगाएं। इससे रंग आसानी से निकल जाएगा और स्किन प्रोटेक्ट रहेगी।
-अंदरूनी डिटॉक्सिफिकेशन के लिए पानी ज्यादा पिएं और खुद को हाइड्रेटेड रखें।
-रंग लगे हाथों से आंख, नाक या मुंह को न छुएं।
-इनसेट-
अस्पताल में होली पर्व पर आपातकालीन सेवाएं जारी रहेगी। कर्म व नेत्र रोग विशेषज्ञ को ऑनकॉल सेवाएं देंगे।
-डॉ एमपी सिंह,एमएस, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन।
होली को लेकर जिलेभर में अस्पतालों को अलर्ट किया है। लोगों से आग्रह है कि वे हर्बल रंग का प्रयोग करें। एलर्जी या अन्य दिक्कत आने पर चिकित्सक की सलाह लें।
-डॉ. अमित रंजन तलवाड़,कार्यकारी सीएमओ, सोलन।