किसानों को नहीं मिल रहा कृषि योजनाओं का लाभ, हो रहे परेशान
आठ पंचायतों के किसानों ने सरकार से रिक्त पद भरने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। कृषि विभाग के बरोटीवाला स्थित कृषि विकास अधिकारी व कृषि प्रचार अधिकारी के पद पिछले तीन साल से खाली पड़े हैं। वर्तमान में बरोटीवाला का यह कार्यालय मात्र एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के हवाले चल रहा है। इससे लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा। किसानों ने सरकार से रिक्त पद भरने की मांग की है। कृषि विभाग के बरोटीवाला कार्यालय के अधीन धर्मपुर ब्लाॅक आता है। इस कार्यालय में कृषि प्रसार अधिकारी व विकास अधिकारी के पद स्वीकृत हैं, लेकिन पिछले तीन साल से यह दोनों पद रिक्त हैं। कार्यालय के अधीन आठ पंचायतें आती हैं। इन पंचायतों के लोग खेती बाड़ी करते हैं। प्रचार व प्रसार के चलते लोगों के पास सरकारी योजनाएं नहीं पहुंच रही है, जिससे किसानों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। सतीवाला निवासी किसान जीत सिंह चौधरी ने बताया कि पिछले तीन साल से किसान विभाग की योजनाओं को लाभ नहीं मिल रहा है। विभाग के बरोटीवाला कार्यालय वर्तमान में एक चपरासी के भरोसे छोड़ा हुआ है। किसानों को बीज व अन्य सामान भी नहीं मिल रहा है। विभाग के उपनिदेशक डॉ. डीआर कश्यप ने बताया कि दूसरे ब्लाॅक के अधिकारी को यहां का कार्यभार सौंपा गया है, जो समय-समय पर इस क्षेत्र में जाकर किसानों से मिलते हैं। रिक्त पदों को लेकर उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया है और जैसे ही नई नियुक्तियां होंगी, बरोटीवाला केंद्र को प्राथमिकता दी जाएगी।