बद्दी साई सडक़ पर वर्ध मान चौक से पहले सडक़ पर पानी आने से पड़े गहरे गड्ढे- संवाद।
- फोटो : सांकेतिक
सड़क पर पानी बहने से जगह-जगह बन गए गड्ढे,राहगीरों को झेलनी पड़ रही दिक्कतें
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। बद्दी‑साई सड़क पर करीब चार माह पहले निगम ने लगभग एक करोड़ रुपये खर्च कर पैचवर्क किया था, लेकिन सड़क के साथ बनी नालियों को न तो खोला गया और न ही उनकी मरम्मत करवाई गई। इससे नालियों का पानी सडक पर बहा और सड़क की हालत फिर से खराब हो गई, जिसमें गहरे गड्ढे पड़ गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नालियों की सफाई न होने के चलते पानी सड़क पर बहता है, जिससे मरम्मत पर खर्च हुए पैसे व्यर्थ हो गए हैं। विधायक राम कुमार ने शिकायत निवारण बैठक में संबंधित विभागों को निर्देश दिए थे कि सड़क की मरम्मत से पहले नालियों को पक्का कर खोला जाए, लेकिन यह काम नहीं हुआ। भाजपा के पूर्व विधायक परमजीत सिंह पम्मी ने कहा कि सड़क मरम्मत में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया, जिससे एक ही बारिश में सड़क फिर से उखड़ गई। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। गहरे गड्ढों के कारण स्कूली बच्चे और अन्य लोग जोखिम में सफर करते है।
कोट
सरकार ने इस सड़क के लिए पैसा स्वीकृत किया है। सड़क को चौड़ा और पक्का किया जाएगा। पक्का करने से लिए सड़क के साथ लगे बिजली के खंभे हटाए जाएंगे। इसके लिए बिजली बोर्ड को तीन करोड़ रुपये दिए गए है। खंबे पीछे हटने के बाद नए सिरे से नाली बनेगी साथ ही सीवरेज लाइन बिछेगी उसके बाद सड़क को चौड़ा व पक्का किया जाएगा।
सुमित आजाद,अधिशासी अभियंता,नगर निगम