बद्दी रेल लाइन को 160 करोड़ जारी हो गए।
- फोटो : demo pic
फार्मा हब के रूप में विख्यात बीबीएन में रेल जल्द दौड़ेगी। रेलवे लाइन के लिए सर्वेक्षण के लिए आंकी कुल 385.75 करोड़ लागत में से 160 करोड़ रुपये जारी हो गए हैं। अगले बजट में इस रेलवे ट्रैक के लिए पूरी धनराशि मुहैया होने की प्रबल संभावनाएं हैं। यह वर्ष हिमाचल में विधानसभा चुनाव का है और केंद्र सरकार इस रेलवे ट्रैक पर पूरी तरह से मेहरबान हो सकती है। ऐसे में प्रदेश की औद्योगिक राजधानी बीबीएन में जल्द ही रेलवे की छुकछुक सुनाई दे सकती है।
रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड (आरआरबी) चंडीगढ़ की टीम ने पड़ोसी राज्य हरियाणा के सूरजपुर से बद्दी तक बनने वाले रेलवे ट्रैक का वर्ष 2012 में सर्वे पहले ही कर लिया है। आरआरबी के तहत हरियाणा के सूरजपुर से धमाला-लोहगढ़-खेड़ा- टांडा-जोलूवाल-कोना-मढ़ावाला-कंटनेर डिपो बददी-हरिपुर संडोली ट्रैक शामिल है। इससे पूर्व भी बद्दी से कालका के बीच में बड़ी रेल लाइन के लिए सर्वेक्षण का कार्य वर्ष 2012 के शुरुआत में हो चुका है। एक अप्रैल 2012 को इसकी रिपोर्ट सौंप गई है। सर्वेक्षण के मुताबिक इस रेलवे लाइन के निर्माण पर 385.75 करोड़ रुपये की लागत आंकी है।
गौरतलब है कि बद्दी में लाखों करोड़ रुपये का उत्पादन उद्योगों में होता है। इसमें हजारों लोगों को नौकरी भी मिली है। रेलवे लाइन बिछने से यहां कच्चा माल पहुंचाना आसान होगा। इससे जहां उद्योगों को फायदा होगा वहीं उत्पादन लागत गिरने से उद्योगों के और विस्तार की संभावना रहेगी।
रेलवे ट्रैक को मुहैया करवाया पैसा : कश्यप
शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद प्रो. वीरेंद्र कश्यप ने कहा कि बद्दी रेलवे ट्रैक के लिए केंद्र सरकार ने 160 करोड़ की धनराशि का प्रावधान पहले ही कर दिया है। भू अधिग्रहण संबंधी प्रक्रिया जोरों से चली है। इस बजट में रेलवे ट्रैक के लिए शेष बची राशि के जारी होने की भी पूरी उम्मीद है।