स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहा था अनैतिक देह व्यापार का धंधा
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। बद्दी पुलिस ने देह व्यापार में शामिल सभी 17 युवतियों को रेस्क्यू करके उनके परिजनों को सुपूर्द कर दिया है। मामले में सभी आरोपियों को गिरफ्तार करके उनके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस के अनुसार बद्दी क्षेत्र में संचालित कुछ स्पा सेंटरों की आड़ में अनैतिक देह व्यापार का अवैध धंधा चल रहा था। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान के दिशा-निर्देशानुसार अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने एक सुनियोजित अभियान के तहत बद्दी के दावत चौक के पास स्थित बिग बी कांप्लेक्स में शुक्रवार देरशाम चार स्पा सेंटरों पर एक साथ छापामारी (रेड) की। इस कार्रवाई के दौरान चारों स्पा सेंटरों से 17 युवतियों को रेस्क्यू किया गया, जिन्हें विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। उक्त सभी स्पा सेंटरों से संबंधित 6 अभियुक्तों के विरुद्ध अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3 व धारा 4 के तहत पुलिस थाना बद्दी में कुल चार अलग-अलग अभियोग पंजीकृत किए गए और मामलों में आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उधर, एसपी बद्दी विनोद धीमान ने कहा कि देह व्यापार में संलिप्त युवतियों को उनके परिजनों के सुपूर्द कर दिया है। पुलिस किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेगी और इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।