बिहार के कामगार से की थी 59 हजार की लूट
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। पुलिस थाना बद्दी के तहत मारपीट और लूट की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
शिकायतकर्ता विशेन्द्र कुमार यादव निवासी जिला सिवान, बिहार ने शिकायत दर्ज कराई कि दो अज्ञात युवक मोटरसाइकिल पर बैठाकर उसे शीतलपुर की ओर ले गए। रास्ते में उसके साथ मारपीट कर मोबाइल फोन छीन लिया। उसे धमकाकर गूगल पे से उसके परिजनों और मित्रों से करीब 59,000 रुपये की राशि मंगवाकर अपने खातों में डलवा ली। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने डीएसपी बद्दी अभिषेक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। इसके बाद दोनों आरोपियों दीपक कुमार निवासी सिवान, बिहार हाल निवासी निचली संदोली, बद्दी और नितीश कुमार निवासी छपरा, बिहार हाल निवासी हरिपुर संदोली, बद्दी को गिरफ्तार कर लिया है। एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।