ढेरोंवाल व ककराला में की नाकेबंदी
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए हिमाचल और पंजाब पुलिस ने हाथ मिला लिया है। शुक्रवार को अंतरराज्यीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के उद्देश्य से बद्दी पुलिस और पंजाब पुलिस ने मिलकर विशेष संयुक्त नाकाबंदी अभियान चलाया। दोनों राज्यों की पुलिस टीमों ने सीमावर्ती क्षेत्रों ढेरोंवाल और ककराला में मोर्चा संभाला। इस दौरान सीमा पार करने वाले हर छोटे-बड़े वाहन की सघन तलाशी ली गई। पुलिस कर्मियों ने संदिग्ध दिखने वाले व्यक्तियों की पहचान की और उनसे पूछताछ की। इस अभियान का मुख्य मकसद सीमावर्ती इलाकों से होने वाली तस्करी और संदिग्ध गतिविधियों पर पूरी तरह से रोक लगाना है। एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि इस संयुक्त कार्रवाई का उद्देश्य कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करना और आपराधिक तत्वों में खौफ पैदा करना है। उन्होंने कहा कि हिमाचल और पंजाब पुलिस के बीच बेहतर तालमेल और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान से अपराधों की रोकथाम में बड़ी मदद मिलेगी।