12 से 28 जुलाई तक स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाया जाएगा अभियान
नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैली समेत प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले में विद्यार्थियों को ह्यूमन इम्यूनोडेफिशिएंसी वायरस (एचआइवी) के प्रति जागरूक करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों में एचआईवी के प्रति जागरूक किया जाएगा। विश्व युवा दिवस के तहत विभाग की ओर से यह विशेष जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। विभाग की ओर से 12 से 28 जुलाई तक जिले के स्कूलों, महाविद्यालयों समेत आईटीआई में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इनमें जागरूकता रैली निकाली जाएगी, जिसमें स्कूल के विद्यार्थियों की भागीदारी को सुनिश्चित किया जाएगा। इसमें पोस्टरों के माध्यम से छात्र-छात्राओं और अन्य लोगों को जागरूक किया जाएगा। इस बारे में विद्यार्थियों को अधिक जानकारी देने के लिए नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा एचआईवी के प्रति भाषण व चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में विजेताओं को सम्मानित भी किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग सोलन के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक ने बताया कि यदि युवाओं को समय पर एचआईवी के प्रति जागरूक किया जाए, तो आने वाले समय में एचआईवी के मामलों में तेजी से गिरावट आ सकती है। इसके लिए विभाग विश्व युवा दिवस के अवसर पर इस अभियान की शुरुआत करेगा। इसमें विभाग की टीम भी विद्यार्थियों को जागरूक करेगी। इसके तहत विद्यार्थियों को एचआईवी होने के कारणों की जानकारी के साथ इसके बचाव के तरीकों के बारे में बताया जाएगा।