विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर धुन्दन स्कूल में जागरूकता गतिविधियों में भाग लेते विद्यार्थी।
संवाद न्यूज़ एजेंसी
दाड़लाघाट(सोलन) राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुंदन में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर निबंध लेखन, नारा लेखन तथा पेंटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए तंबाकू मुक्त समाज का संदेश दिया। विद्यालय के एनएसएस एवं इको क्लब के स्वयंसेवकों ने जागरूकता रैली निकालकर लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाली हानियों के बारे में जागरूक किया तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या मनोरमा कुमारी चड्ढा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि तंबाकू न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।