टीबी के लक्षणों और बचाव के बारे में किया जागरूक
सायरी में टीबी मुक्त पंचायत फोरम की हुई बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले को टीबी मुक्त बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग तेजी से मुहिम चला रहा है। इस मुहिम में टीबी चैंपियंस भी स्वास्थ्य विभाग के साथ कंधे से कंधा मिलाए हुए हैं। मंगलवार को ग्राम पंचायत सायरी में टीबी मुक्त पंचायत फोरम की बैठक हुई। बैठक में टीबी चैंपियन विद्या प्रकाश विशेष तौर पर मौजूद रहे। विद्या प्रकाश ने टीबी से जंग जीतकर खुद को स्वस्थ किया। उन्होंने मौजूद लोगों को बताया कि स्वास्थ्य विभाग टीबी को लेकर काफी गंभीर है। जब टीबी पॉजिटिव हुए थे तो स्वास्थ्य विभाग ने उनकी हर तरह से मदद की और स्वास्थ्य का ध्यान रखा। बैठक के दौरान टीबी के लक्षणों, बचाव के बारे में विस्तार से लोगों को बताया गया। साथ ही लोगों को लंबे समय तक खांसी होने पर टीबी का टेस्ट करवाने को सलाह दी। उन्होंने कहा कि टीबी से न घबराकर हिम्मत से इसका सामना करना चाहिए।
जिला स्वास्थ्य विभाग के साथ टीबी चैंपियन बीते वर्ष से लोगों को जागरूक करने का प्रयास कर रहे हैं ताकि सरकार की ओर से निर्धारित किए गए टीबी मुक्त पंचायत और हिमाचल के लक्ष्य को पूरा किया जा सके। प्रदेश सरकार टीबी मरीजों की जांच व देखभाल के लिए निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रही है। इस मौके पर ग्राम पंचायत प्रधान हरविंदर सिंह, डॉ. निशांत, डॉ. नितिन, मनोहर समेत वार्ड सदस्य, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, अध्यापक और ग्रामीण मौजूद रहे।
कोट्स
सायरी में टीबी मुक्त पंचायत फोरम की बैठक हुई, जिसमें लोगों को जागरूक किया गया। लोगों से आग्रह किया कि खांसी जैसे लक्षण होने पर तुरंत चिकित्सक की सलाह लें। टीबी छुआछूत की बीमारी नहीं है। इससे डरने की जरूरत नहीं है। साथ ही ब्लॉक सायरी में टीबी जांच के लिए नार्ट मशीन लगवाई जाएगी ताकि ग्रामीणों को इसका फायदा मिल सके।
- डॉ. एके सिंह, खंड चिकित्सा अधिकारी, ब्लॉक सायरी