सोलन। नौणी विश्वविद्यालय ने औद्याेनिकी एवं वानिकी के विद्यार्थियों के लिए उद्योग-अकादमिक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में उभरती प्रौद्योगिकियों, उद्यमिता, इंटर्नशिप और उद्योग की अपेक्षाओं पर जोर दिया गया। औद्योनिकी एवं वानिकी के चतुर्थ वर्ष के विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों और विभिन्न उद्योगों के प्रतिनिधियों ने इसमें भाग लिया। पहले तकनीकी सत्र में पर्यटन एलायंसेज के बाजार एवं टेक्नोलॉजी लीड अमन ठाकुर ने कृषि-इनपुट उद्योग के रुझानों पर जानकारी दी। उन्होंने संतुलित पौध पोषण, नई तकनीकों और कॅरिअर के अवसरों पर भी चर्चा की। दूसरे सत्र में सवाना सीड्स के जोनल सेल्स मैनेजर सनी सिद्धू ने बीज प्रौद्योगिकी और गुणवत्तापूर्ण बीज प्रणाली पर बात की। उन्होंने किस्म विकास, बीज व्यवसाय और स्टार्टअप की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला। फ्रॉम क्लासरूम टू कॅरिअर और एंटरप्राइज विषय पर एक संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को कॅरिअर मार्गदर्शन और उद्योग की अपेक्षाओं के बारे में बताया गया। डॉ. रश्मि चौधरी, डॉ. प्रमोद वर्मा, डॉ. प्रेम प्रकाश, डॉ. अभिमन्यु और डॉ. प्रतिमा वैद्य ने कार्यक्रम का समन्वय किया।