बरोटीवाला (सोलन)। बरोटीवाला काॅलेज की महिला प्रकोष्ठ एवं पॉश समिति की ओर से कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम विषय पर एक जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य छात्राओं को यौन उत्पीड़न से संबंधित विभिन्न पहलुओं, उनके कानूनी अधिकारों एवं संरक्षण, शिकायत दर्ज करने की उचित प्रक्रिया तथा ऐसे मामलों के समाधान में आंतरिक शिकायत समिति की भूमिका के बारे में जागरूक करना था। डॉ. वैशाली ने मुख्य वक्ता (रिसोर्स पर्सन) के रूप में छात्राओं को पॉश अधिनियम, यौन उत्पीड़न की रोकथाम, शिकायत निवारण की प्रक्रिया और कार्यस्थल एवं शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने व किसी भी अनुचित व्यवहार की स्थिति में उचित माध्यम से सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। मंच संचालन बीए तृतीय वर्ष की छात्रा रमता ने किया। प्रो. कृष्णा प्रकाश ने मुख्य वक्ता डॉ. वैशाली का आभार प्रकट किया।