10 सितंबर तक करना होगा कलाकारों को आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की(सोलन)। राज्य स्तरीय सायर मेला-2024 की सांस्कृतिक संध्याओं के लिए लोक कलाकारों के ऑडिशन की तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं। मेला अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी अर्की यादविंदर पाल ने सांस्कृतिक उप समिति की बैठक की अध्यक्षता करते कहा कि सायर मेले की सांस्कृतिक संध्याओं में कार्यक्रम प्रस्तुत करने के लिए कलाकारों के ऑडिशन 11, 12 व 13 सितंबर को प्रातः 10:00 बजे से उपमंडलाधिकारी कार्यालय अर्की के सभागार में आयोजित होंगे।
ऑडिशन के लिए कलाकार 10 सितंबर तक उपमंडलाधिकारी कार्यालय अर्की में आवेदन कर सकते हैं। आवेदन ई-मेल के माध्यम से भी किए जा सकते हैं। स्थानीय एवं विभिन्न जिलों के लोक कलाकार अथवा सांस्कृतिक दल अपनी प्रस्तुति के लिए आवेदन ई-मेल sdmarki.hpnic.inपर कर सकते हैं और अधिक जानकारी के लिए कार्यालय दूरभाष नंबर 01796-220666 पर संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि मेले का आयोजन 16 से 18 सितंबर तक अर्की के चौगान मैदान में होगा। उन्होंने कलाकारों से आग्रह किया कि ऑडिशन के लिए निर्धारित तिथि तक आवेदन करना सुनिश्चित करें। बैठक में नगर पंचायत अर्की के अध्यक्ष अनुज गुप्ता, खंड कांग्रेस समिति अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप, नगर पंचायत अर्की की पूर्व अध्यक्ष सीमा शर्मा, सांस्कृतिक उप समिति के सदस्य रोशन वर्मा, तहसीलदार अर्की विपिन वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।