संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में व्हीलचेयर की कमी और कई व्हीलचेयर खस्ता हालत में होने के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आपातकालीन कक्ष में रखी अधिकांश व्हीलचेयर कई जगह से टूटी हुई हैं। अस्पताल में जो व्हीलचेयर ठीक हैं, उन्हें पहले ही मरीज इस्तेमाल कर लेते हैं, जिससे आपातकालीन स्थिति में अन्य मरीजों को अधिक कठिनाई होती है। मरीजों को अक्सर टूटी हुई व्हीलचेयर का उपयोग करना पड़ रहा है। वहीं, ओपीडी में आने वाले मरीजों के लिए अलग से व्हीलचेयर की व्यवस्था नहीं है और उन्हें आपातकालीन कक्ष से ही व्हीलचेयर लेनी पड़ती है। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश पंवार ने बताया कि नई व्हीलचेयर के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। कुछ नई व्हीलचेयर अस्पताल में लाई गई हैं और आने वाले समय में मरीजों को बेहतर सुविधा देने के प्रयास जारी रहेंगे।