धर्मपुर(सोलन)। स्वास्थ्य खंड धर्मपुर के तहत विभिन्न पंचायतों व नगर परिषद में 10 आशा वर्करों की नियुक्ति की जाएगी। जिसके लिए 13 नवंबर तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। खंड चिकित्सा अधिकारी धर्मपुर डॉ. अमित रंजन तलवार ने कहा कि नेशनल हेल्थ मिशन के तहत रूरल व अर्बन क्षेत्रों में आशा कार्यकर्ताओं की नियुक्तियां की जानी हैं। धर्मपुर ब्लॉक के तहत स्वास्थ्य उपकेंद्र के तहत ग्राम पंचायत धरोट के पाटी चब्यार, जटोली स्वास्थ्य उपकेंद्र के तहत ओछघाट पंचायत के नगाली, स्वास्थ्य उपकेंद्र सूजी के तहत जाबली पंचायत के सूजी, एमसीएच धर्मपुर के तहत धर्मपुर पंचायत के नौन गांव, स्वास्थ्य उपकेंद्र टकसाल के तहत टकसाल पंचायत के धग्गड़, पुरला, टिपरा व उच्चा परवाणू के अलावा नगर परिषद परवाणू के सेक्टर-1 व सेक्टर-4 में की जानी हैं। इसके लिए आवेदन 13 नवंबर तक कार्यालय में पहुंच जाने चाहिए। आवेदन के लिए महिला उम्मीदवार की आयु 25 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अभ्यर्थी शादीशुदा, विधवा, तलाकशुदा या अलग रह रही हो, को प्राथमिकता दी जाएगी। अभ्यर्थी उसी पंचायत या नगर परिषद क्षेत्र की होनी चाहिए ,जहां उसकी नियुक्ति होनी है। आवेदन के लिए अभ्यर्थी को ग्रामीण क्षेत्र के लिए आठवीं व शहरी क्षेत्र के लिए 10वीं पास होना आवश्यक है।