अर्की (सोलन)। अर्की बाजार के मंदिर से चोरी के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें चार दिन की रिमांड पर भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार अर्की के वार्ड नंबर-5 स्थित शिव मंदिर में रखे दान पात्र पर बुधवार रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने हाथ साफ कर दिया था। इसकी सूचना मंजूषा गुप्ता निवासी वार्ड नंबर-5 ने स्थानीय लोगों और पुलिस को दी।
उन्होंने बताया कि जब वह सुबह 4:00 बजे मंदिर में पूजा करने आईं तो उन्होंने मंदिर का गेट खुला हुआ देखा। जब अंदर जाकर देखा तो पाया कि मंदिर में रखा दान पात्र गायब था। इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी। जब सीसीटीवी की फुटेज को देखा तो उसमें दो लोग मंदिर से दान पात्र उठाते दिखाई दिए।
पुलिस ने उक्त दोनों को आरोपी को हिरासत में ले लिया। दोनों लोग नगर पंचायत अर्की में कुछ दिन पहले ठेकेदार के पास सफाई का कार्य करते थे। इन्हें कुछ दिन पहले ठेकेदार ने छोड़ दिया था। दोनों की पहचान करण और आकाश के रूप में हुई है जो मनौर पटियाला पंजाब के निवासी हैं।
उधर, डीएसपी दाड़लाघाट पूर्ण चंद ठुकराल ने मामले की पुष्टि कर बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को पकड़ा है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद चार दिन की रिमांड मिली है।