वीबी जी रामजी योजना में कम से कम 50 दिन काम करने वाले परिवार ही होंगे पात्र
18 मार्च तक पंचायतों में बीपीएल सूची बनकर हो जाएगी तैयार
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। हिमाचल प्रदेश सरकार के ग्रामीण विकास विभाग ने बीपीएल (गरीबी रेखा से नीचे) परिवारों के चयन के लिए नए आदेश जारी किए हैं। इच्छुक और पात्र परिवार 12 मार्च तक अपने आवेदन संबंधित ग्राम पंचायतों में सदस्य सचिवों के पास जमा करवा सकते हैं। पिछले वित्तीय वर्ष में वीबी जी रामजी योजना (विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन) के तहत कम से कम 50 दिन काम करने वाले परिवार ही बीपीएल सूची में शामिल होने के लिए पात्र माने जाएंगे। विभाग की ओर से जारी दिशानिर्देशों में यह स्पष्ट किया गया है कि सभी वयस्क सदस्यों ने 50 दिन काम किया हो, तभी परिवार का चयन किया जाएगा। 12 मार्च के बाद सभी आवेदन ब्लॉक स्तर की कमेटी को भेजे जाएंगे। ब्लॉक कमेटी एसडीएम बद्दी की अध्यक्षता में गठित होगी, जिसमें सदस्य सचिव बीडीओ पट्टा कुलदीप सिंह होंगे। ब्लॉक कमेटी द्वारा पंचायतों से आई सूची की जांच की जाएगी और सभी पात्र परिवारों की अंतिम सूची तैयार कर 18 मार्च को प्रकाशित की जाएगी। बीपीएल सूची में शामिल परिवारों को कई लाभ मिलते हैं। इनमें मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं, सस्ता राशन, स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के लिए छात्रवृत्ति और सरकारी नौकरी में आरक्षण शामिल हैं। चयन प्रक्रिया में कोई भी निर्धारित संख्या नहीं है। जो भी परिवार पात्रता के दायरे में आता है, उसे सूची में शामिल किया जाएगा। खंड विकास अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि यह प्रक्रिया पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ पूरी की जाएगी। उन्होंने सभी पात्र परिवारों से अपील की है कि समय पर अपने आवेदन जमा करें, ताकि उन्हें सूची में शामिल किया जा सके।