सोलन सेब मंडी में पहुंचे सेब के ट्रक और अन्य वाहन। -संवाद
सोलन। जिला सोलन की मंडियों में अभी तक टमाटर और सेब का नौ करोड़ रुपये का कारोबार हो चुका है। सोलन सब्जी मंडी में शिमला, कुल्लू, मंडी, किन्नौर और सिरमौर से सेब पहुंचता है। सोलन और परवाणू सेब मंडी में अभी तक 35 हजार सेब के बॉक्स पहुंच चुके हैं। इनसे करीब पांच करोड़ 25 लाख का कारोबार किया जा चुका है।
वहीं, जिला सोलन, सिरमौर और शिमला से दो लाख टमाटर क्रेट मंडी में पहुंच चुकी है जिससे कारोबार चार करोड़ तक पहुंच चुका है। वर्तमान में टमाटर, सेब समेत अन्य सब्जियों का सीजन चरम पर है। आने वाले दिनों में मंडियों में किसानों-बागवानों के उत्पादों की आमद बढ़ जाएगी।
सब्जी मंडी सोलन में हर साल टमाटर, सेब समेत अन्य सब्जियों का अरबों रुपये का कारोबार होता है। इस बार सीजन की शुरूआत में बागवानों को उनके उत्पादों के अच्छे दाम मिले हैं जबकि टमाटर और अन्य सब्जियों के दामों से किसान निराश रहे हैं।
अब टमाटर, शिमला मिर्च, सेब समेत अन्य सब्जियों के दामों में बढ़ोतरी शुरू हो गई है। वीरवार को टमाटर का एक क्रेट 300 से 500 रुपये तक बिका जबकि सेब 700 से 2500 रुपये तक बिका। आने वाले दिनों में सब्जियों के दामों में बढ़ोतरी की उम्मीद है।
सेब और टमाटर सीजन ने पकड़ी रफ्तार
कृषि उपज मंडी समिति सोलन के सचिव डॉ. रविंद्र शर्मा ने कहा कि सेब और टमाटर के सीजन ने रफ्तार पकड़ ली है। अभी तक नौ करोड़ से अधिक का कारोबार हो चुका है। बाहरी राज्यों में बारिश से फसलें खराब हो गई हैं। इसके चलते स्थानीय सब्जियों के दाम भी बढ़ने लगे हैं। आने वाले दिनों में अच्छे कारोबार की उम्मीद है।