बीडीओ कुलदीप सिंह बच्चों को एंटी चिट्टा की शपथ दिलाते हुए- स्रोत- विभाग।
बीडीओ कुलदीप सिंह ने दिलाई शपथ, ‘एंटी चिट्टा बॉक्स में जानकारी डालने का किया आह्वान
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोटबेजा और राजकीय उच्च विद्यालय गुनाई में एंटी चिट्टा अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बीडीओ कुलदीप सिंह ने छात्रों, अध्यापकों, अभिभावकों और उपस्थित ग्रामीणों को नशे के खिलाफ शपथ दिलाई। उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि वे पाठशाला में स्थापित ‘एंटी चिट्टा बॉक्स’ में नशे से जुड़े व्यक्तियों या गतिविधियों की जानकारी लिखकर डालें, ताकि इस समस्या के उन्मूलन में मदद मिल सके। बीडीओ ने इस अभियान को जन आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने पर जोर दिया। पंचायत सचिव राज कुमार शर्मा ने भी विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। विद्यालय की प्रधानाचार्य मंजू बाला ने बताया कि यह एंटी चिट्टा अभियान 1 जून से 20 अगस्त तक सभी शिक्षण संस्थानों में चलाया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन नीतू राय ने किया। एसएमसी प्रधान नरेश ठाकुर ने छात्रों को अपने परिवार, दोस्तों और पड़ोसियों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय के अनेक अध्यापक एवं स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।