Another accused of stealing buffalonabbed by Baddi police
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ पुलिस ने भैंसें चुराने वाले गिरोह के दूसरे आरोपी को सहारनपुर के चिलकाना गांव से गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी निजाम मोहम्मद को पहले गिरफ्तार कर लिया था जो वर्तमान में पुलिस रिमांड पर है। पकड़े आरोपी को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेजा है। नवंबर के पहले सप्ताह में भैंसें चोरने वाला यह गिरोह पिकअप लेकर आया और पहले ढाणा गांव से दो भैंसें उठाईं। उसके बाद किरपालपुर से दो भैंसें चुराईं।
भैंसें लेकर ये लोग बरोटीवाला थाने के तहत शाहपुर को निकलने वाले मार्ग से होकर गए। शाहपुर में बरोटीवाला पुलिस ने नाका लगा रखा था लेकिन पुलिस कर्मियों ने देखने के बाद भी इसे नहीं रोका और जाने दिया। पुलिस ने नाके पर तैनात बरोटीवाला थाने के दो पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया तथा दो होमगार्ड को वापस उनकी कंपनी में भेज दिया। निलंबित कर्मियों को पुलिस लाइन से जोड़ दिया है। दभोटा पुलिस चौकी के प्रभारी विजय पाल ठाकुर ने गिरोह के सरगना नियाज मोहम्मद को पहले पकड़ लिया था। अब दूसरे आरोपी सलमान को भी गिरफ्तार कर लिया है। सलमान को कोर्ट में पेश करने के बाद उसे 28 तक पुलिस रिमांड पर ले लिया है। डीएसपी नवदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने भैंसें चुराने के मामले में दो आरोपियों को सहारनपुर के चिलकाना से गिरफ्तार किया है। अभी इस मामले में और आरोपियों की गिरफ्तारी बाकी है जिन्हें जल्द ही दबोच लिया जाएगा।