व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने सीईओ को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
सुबाथू (सोलन)।। सुबाथू छावनी परिषद की ओर से बाजार क्षेत्र में एक अक्तूबर से प्रस्तावित नई पार्किंग व्यवस्था और पार्किंग शुल्क लागू करने के फैसले के खिलाफ स्थानीय व्यापारियों और नगरवासियों में रोष है। इस फैसले को जनविरोधी बताते हुए बुधवार को व्यापारियों और नागरिकों ने छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर इसे तुरंत वापस लेने की मांग की।
स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने प्रशासन को अवगत कराया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक अक्तूबर से टैक्स वसूली शुरू करने की तैयारी है। वर्तमान में स्थानीय व्यापार पहले से ही मंदी के दौर से गुजर रहा है ऐसे में वाहनों पर अतिरिक्त शुल्क लगाने से ग्राहकों की संख्या में भारी गिरावट आएगी। इसका सीधा असर दुकानदारों की रोजी-रोटी पर पड़ेगा और कई छोटे व्यापारियों के सामने धंधा बंद करने की नौबत आ जाएगी। निवासियों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने इस फैसले को निरस्त नहीं किया, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
कोट
प्रशासन ने आम जनता की चिंताओं को ध्यान में रखकर ही संतुलित कदम उठाया है। पार्किंग फीस न्यूनतम रखी गई है और स्थानीय निवासियों व नियमित वाहन चालकों के लिए पास की सुविधा दी गई है। इस व्यवस्था से जुटने वाले राजस्व को सुबाथू के बुनियादी विकास कार्यों में ही खर्च किया जाएगा। -निशांत गुप्ता, सीईओ, छावनी परिषद सुबाथू