आसपास के कई गांव को जोड़ा जाएगा सड़क से, लोगों को मिलेगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की (सोलन)। विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत लग के सून गांव के लिए प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत संपर्क सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। लंबे समय से लंबित लगदाघाट-सून सड़क का काम शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी है। इसी वर्ष अप्रैल में विधायक संजय अवस्थी ने करीब चार किलोमीटर लंबी लगदाघाट-सून संपर्क सड़क का भूमि पूजन किया था। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की प्रक्रिया पूरी करवाने में विधायक के प्रयासों के लिए उनका आभार जताया है।
लोक निर्माण विभाग कुनिहार के सहायक अभियंता मनसा राम ने बताया कि करीब चार किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण की प्रक्रिया इसी वर्ष पूरी की गई है। सड़क के लिए करीब 8.03 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क निर्माण के लिए लगदाघाट और सून गांव के कई परिवारों ने अपनी निजी भूमि लोक निर्माण विभाग को दान की है। उन्होंने विभाग से क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सड़क का निर्माण उच्च गुणवत्ता के साथ करने का आग्रह किया है, ताकि लोगों को लंबे समय तक सुरक्षित और बेहतर सुविधा मिल सके।
ग्रामीणों ने सड़क का विस्तार कर रैला, जाबल, सरसा, भड़ेच और आसपास के अन्य गांवों को भी जोड़ने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा विकास को गति मिलेगी।
पंचायत प्रधान शकुंतला देवी, उपप्रधान अनिल कुमार सहित मदन ठाकुर (सूबेदार), बलदेव, शेर सिंह, रणजीत सिंह, सुरजन सिंह, रामलोक, प्रेम लाल, मान सिंह, कांशी राम, श्याम लाल और मोहन लाल समेत अन्य ग्रामीणों ने विधायक संजय अवस्थी का आभार व्यक्त किया।