संवाद न्यूज एजेंसी
चायल (सोलन)। राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल चायल के 1975 में उत्तीर्ण होने वाले पूर्व छात्रों ने विद्यालय में आकर अपना स्वर्ण जयंती समारोह मनाया। दो दिवसीय कार्यक्रम के पहले दिन स्वर्ण जयंती दल के छात्रों ने ऐतिहासिक चायल क्रिकेट मैदान पर छात्रों के साथ क्रिकेट और बास्केटबाल खेलने का आनंद लिया। दूसरे दिन पूर्व छात्रों के स्वागत के लिए विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। प्रार्थना सभा में भाग लेते हुए छात्रों से अपने अनुभव साझा किए। इस अवसर पर पूर्व छात्रों में से अति विशिष्ट सेना मेडल, विशिष्ट सेना मेडल मेजर जरनल डॉ. टीएस सिडाना, पुलिस महानिरीक्षक सीआरपीएफ कैप्टन सतपाल कपूर, डॉ. अमरजीत सिंह, भूपेंद्र सिंह (यूएसए), रणवीर सिंह (यूएसए), कुलदीप शर्मा (कनेडा), विजयपाल शर्मा ने छात्रों को संबोधित किया और बताया कि उनकी सफलता और समृद्धि में विद्यालय का ही योगदान है। विद्यालय के प्राचार्य विमल कुमार गंगवाल जैन ने पूर्व छात्रों का आभार व्यक्त किया और इस आयोजन को छात्रों के लिए एक प्रेरणादायक क्षण बताया और सभी पूर्व छात्रों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए।