आईटीआई सोलन में आयोजित एलुमनाई मीट के आयोजन के दौरान मौजूद ट्रेडों के प्रशिक्षु, प्रधानाचार्य व
पूर्व और वर्तमान प्रशिक्षुओं के बीच संवाद, रोजगार व स्वरोजगार अवसरों पर हुई चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) सोलन में मंगलवार को प्लंबर और डब्ल्यूडब्ल्यूटी ट्रेड की वार्षिक एलुमनाई मीट का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्व और वर्तमान प्रशिक्षुओं के बीच संवाद स्थापित करना, रोजगार व स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी साझा करना तथा उद्योगों की आवश्यकताओं से अवगत कराना रहा। कार्यक्रम में प्रधानाचार्या इं. नवीन कुमारी ने बतौर अध्यक्ष शिरकत की। उन्होंने पूर्व प्रशिक्षुओं का स्वागत करते हुए उन्हें संस्थान की अमूल्य धरोहर बताया और वर्तमान प्रशिक्षुओं के लिए प्रेरणा स्रोत कहा। उन्होंने प्रशिक्षुओं को तकनीकी दक्षता के साथ अनुशासन और व्यावसायिक नैतिकता अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन नरेंद्र कुमार ने किया, जबकि ग्रुप इंस्ट्रक्टर सरदार करमजीत सिंह, इं. एमके शर्मा, सुभाष धीमान और इं. लखविंदर सिंह भी मौजूद रहे। इस अवसर पर उत्कृष्ट पूर्व प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को टूल किट भेंट की गई। कार्यक्रम में पिडिलाइट इंडस्ट्रीज ने भी सहयोग किया।