40 परिवारों के सदस्यों को बिना सूचना अलग-अलग वार्डों में किया विभाजित
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट (सोलन)। क्षेत्र की ग्राम पंचायत ग्याना में मतदाता सूची के साथ कथित छेड़छाड़ के आरोप लगे हैं। आरोप है कि सुनियोजित साजिश के तहत कई मतदाताओं को एक वार्ड से दूसरे वार्ड में स्थानांतरित किया गया। मंडल संयोजक सहकारिता प्रकोष्ठ दाड़लाघाट और अध्यक्ष बाघल विकास परिषद परसराम पिंकू ने कहा कि नई मतदाता सूची आने पर कई ऐसे मामले सामने आए, जहां चुनाव लड़ने वाले व्यक्तियों को उनके मूल वार्ड से हटा कर अन्य वार्डों में डाल दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इसमें योजनाबद्ध तरीके से एक ही परिवार के सदस्यों को अलग-अलग वार्डों में रखा गया। करीब 40 परिवारों के सदस्यों को बिना सूचना और सहमति के अलग-अलग वार्डों में विभाजित किया गया। इस संबंध में जब एसडीएम अर्की से संपर्क किया गया, तो उन्होंने कहा कि विस्तृत जानकारी बीडीओ स्तर से प्राप्त होगी। बीडीओ कुनिहार ने बताया कि अंतिम मतदाता सूची पंचायत सचिव के माध्यम से मिली है। वहीं, पंचायत सचिव ने अपनी किसी भी भूमिका से इन्कार करते हुए कहा कि यह कार्य वार्ड सदस्य की सहमति से हुआ है। परसराम पिंकू ने आरोप लगाया कि यह कार्य चुनावी लाभ पाने के उद्देश्य से किया गया।