देश भर के 510 कैडेट्स ले रहीं भाग
अनुशासन, सुरक्षा और टीम भावना की दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। ऑल इंडिया गर्ल्स एक्सपेडिशन (हिमट्रेक) का सोलन के जेपी में शुभारंभ किया गया। अभियान का आयोजन वन हिमाचल प्रदेश गर्ल्स बटालियन एनसीसी सोलन द्वारा शिमला ग्रुप और पीएचएचपी एंड सी निदेशालय के अंतर्गत किया जा रहा है। यह राष्ट्रीय स्तर का ट्रेकिंग अभियान 12 जून तक चलेगा।
इस अभियान में भारत की विविधता और नारी शक्ति की झलक देखने को मिल रही है। इसमें उत्तराखंड, राजस्थान, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और पीएचएचपी एंड सी निदेशालयों की 510 महिला एनसीसी कैडेट्स हिस्सा ले रही हैं। उद्घाटन के अवसर पर कैंप कमांडेंट कर्नल विवेक भटारा ने कैडेटों को जीवन में अनुशासन और सुरक्षा के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि ऐसे साहसिक अभियान न केवल शारीरिक क्षमता को बढ़ाते हैं, बल्कि कैडेटों में टीम भावना और नेतृत्व के गुणों का भी विकास करते हैं। उद्घाटन समारोह के तुरंत बाद सभी 510 कैडेटों ने दमहेर ट्रेक में भाग लेकर अभियान की शुरुआत की।
दिनभर की शारीरिक और साहसिक गतिविधियों के बाद, शाम का समापन विभिन्न खेल गतिविधियों और एक रंगारंग सांस्कृतिक संध्या के साथ हुआ। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में अलग-अलग राज्यों से आईं कैडेट्स ने अपनी कला का प्रदर्शन किया, जिसने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी सौहार्द के संदेश को और मजबूत किया।