छावनी परिषद सुबाथू की ओर से आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में शानदार बल्लेबाजी करने वाले अजय को सम
- फोटो : सांकेतिक
छावनी परिषद सुबाथू आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता स्ट्राइकर्स इलेवन को चार विकेट से हराया
संवाद न्यूज एजेंसी
सुबाथू(सोलन)। छावनी परिषद सुबाथू की ओर से आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में सोमवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में कैंट बोर्ड सुबाथू ने स्ट्राइकर्स इलेवन को चार विकेट से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। अजय की तूफानी बल्लेबाजी मैच का आकर्षण रही। उन्होंने महज 18 गेंदों में 72 रन की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी स्ट्राइकर्स इलेवन की टीम ने निर्धारित 12 ओवर में 135 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैंट बोर्ड सुबाथू की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने शुरुआती विकेट जल्दी गंवा दिए। एक समय टीम की स्थिति काफी दबावपूर्ण नजर आ रही थी। इसके बाद बल्लेबाजी के लिए आए अजय ने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए और लंबे-लंबे छक्कों से मुकाबले का रुख बदल दिया।
उन्होंने केवल 18 गेंदों का सामना करते हुए 10 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 72 रन बनाए। 400 के स्ट्राइक रेट से खेली गई उनकी इस पारी की बदौलत कैंट बोर्ड सुबाथू ने लक्ष्य हासिल कर चार विकेट से शानदार जीत दर्ज की। अजय के शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी निशांत गुप्ता और मनोनीत सदस्य रवि शर्मा ने उन्हें ट्रॉफी देकर सम्मानित किया तथा बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस जीत के साथ कैंट बोर्ड सुबाथू ने प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। अब सेमीफाइनल में प्रवेश के लिए शीर्ष आठ टीमों के बीच नॉकआउट मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता के अगले चरण को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।