समिति पर कार्रवाई करने की मांग, विधायक भी धरने पर बैठे
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। दी सुबाथू अर्बन सहकारी समिति में करोड़ों रुपये के घोटाले में उचित कार्रवाई न होने पर निवेशकों ने सहायक पंजीयक सहकारी सभा के बाहर धरना दिया। मंगलवार से शुरू हुए धरने पर लोगों ने समिति पर कार्रवाई करने की मांग की। इससे पहले निवेशकों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा और जल्द कार्रवाई करने के निर्देश देने की मांग की।
मंगलवार को कसौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनोद सुल्तानपुरी भी मौके पर लोगों के साथ धरना-प्रदर्शन में भाग लेते हुए नजर आए। उन्होंने कहा कि सोसायटी में एक ही परिवार के लोगों को फायदा पहुंचाने का कार्य किया गया है और करोड़ों रुपये का घोटाला किया गया है। विधानसभा में उन्होंने इस मामले को उठाया था जिसके बाद इसमें कार्रवाई भी की गई लेकिन यह घोटाला लगातार जारी रहा। उन्होंने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र के हजारों लोगों को इससे नुकसान हुआ है, ऐसे में उन्हें किस तरह से राहत दी जा सकती है, इसके लिए कार्य किया जा रहा है। यदि कोई अन्य व्यक्ति भी दोषी होगा तो उसे पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।