कंडाघाट में तहसीलदार के माध्यम से प्रदेश सरकार को भेजा ज्ञापन
बोले, जल्द मांगें पूरी न हुईं तो करेंगे उग्र आंदोलन
संवाद न्यूज एजेंसी
कंडाघाट (सोलन)। जिला पेंशनर्स एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन ने बुधवार को कंडाघाट में मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। इसमें सरकार को चेताया कि जल्द मांगें पूरी न हुईं तो आंदोलन उग्र किया जाएगा। जिलाध्यक्ष केडी शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोबिंद भारद्वाज, जिला कार्यकारिणी और चायल व सायरी इकाइयों के पदाधिकारियों के नेतृत्व में लोक निर्माण विभाग के विश्रामगृह से बाजार से होते हुए मिनी सचिवालय तक प्रदर्शन किया गया। एसडीएम की अनुपस्थिति में तहसीलदार कंडाघाट राजेंद्र कुमार के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन भेजा गया। मिनी सचिवालय के बाहर धरना दिया। धरने में पेंशनर्स नेताओं ने मांगों को न मानने पर सरकार को जमकर कोसा। उन्होंने कहा कि संगठन ने पांच सूत्रीय मांगपत्र 9 अप्रैल को सरकार को दिया था, लेकिन उस पर कोई निर्णय नहीं लिया। इन मांगों में वर्ष 2016 से 22 के सेवानिवृत्त कर्मचारियों का बकाया भुगतान, बकाया मेडिकल बिल के लिए बजट प्रावधान, महंगाई भत्ते की तीन किस्तें जारी करने, 70 वर्ष आयु वर्ग के पेंशनरों को 2016 का संशोधित बकाया भुगतान करना और राज्य स्तर पर संयुक्त सलाहकार समिति का गठन करना हैं। इन मांगों पर सरकार लंबे समय से कोई निर्णय नहीं ले रही है।