दाड़लाघाट में पटवारी और कानूनगो संघ ने की बैठक सरकार से कमेटी की सिफारिशों पर मंथन करने के लिए कहा
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट(सोलन)। भू-व्यवस्था पटवारी एवं कानूनगो संघ दाड़लाघाट ने सरकार से मांगों पर वार्ता करने के लिए मौका देने का आग्रह किया। बुधवार को संघ की वर्चुअल बैठक हुई। संघ के राज्य अध्यक्ष शमशेर ठाकुर ने अध्यक्षता की। बैठक में शिमला भू-व्यवस्था मंडल के अध्यक्ष, महासचिव,मुख्य सलाहकार और अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया। मांगों को लेकर बलवान चंद अतिरिक्त सचिव (राजस्व) की अध्यक्षता में गठित कमेटी की सिफारिशों पर मंथन किया गया।
संघ ने कमेटी का आभार व्यक्त किया और महाल विंग महासंघ की मांगों का समर्थन किया। संघ ने सरकार से आग्रह किया कि चल रहे गतिरोध को वार्ता के माध्यम से शीघ्र दूर किया जाए, ताकि हिमाचल प्रदेश की आम जनता के राजस्व संबंधी मामलों का निष्पादन समयबद्ध किया जा सके। इस अवसर पर धर्मेंद्र, श्याम सिंह चौहान, अरविंद मेहता, प्रेम साप्टा, पंकज समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
इनसेट
पटवारी-कानूनगो कार्यालयों में लटके हैं ताले
अर्की (सोलन)। पटवारी एवं कानूनगो महासंघ के बैनर तले पटवारी और कानूनगो अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। 28 फरवरी से जारी इस हड़ताल के कारण प्रदेशभर में राजस्व कार्य प्रभावित हो रहे हैं। अर्की तहसील में इस हड़ताल का असर दिख रहा है। स्थानीय पटवारी और कानूनगो कार्यालयों में ताले लटके हुए हैं, जिससे आमजन को अपने भूमि संबंधी कार्यों में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हड़ताली कर्मचारियों ने सरकार को चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें जल्द नहीं मानी गईं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदेशभर के पटवारी-कानूनगो इस हड़ताल को जारी रखते हुए सरकार से जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं, ताकि राजस्व कार्यों को सामान्य किया जा सके। संवाद