परवाणू ईएसआई अस्पताल में लगी रहीं लंबी कतारें
टीमों की ओर से भरे गए सैंपलों की रिपोर्ट का इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू(सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र परवाणू में दो दिन राहत के बाद डायरिया मामले फिर से बढ़ने लगे हैं। शनिवार को 15 लोग डायरिया से पीड़ित हुए हैं। अब डायरिया के मामले 625 हो चुके हैं। वहीं पानी की सप्लाई शहर में रोकने के बाद स्वास्थ्य विभाग की चिंताएं फिर से बढ़नी शुरू हो गई हैं। शनिवार को भी अस्पताल में मरीजों की कतारें देखने को मिलीं। पर्ची काउंटर से लेकर ओपीडी तक मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं।
वहीं टकसाल क्षेत्र से मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। विभागीय टीमें भी क्षेत्र का लगातार निरीक्षण कर रही है। सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। डायरिया की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग, नगर परिषद, हिमुडा और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड भी ऐसे प्वाइंट देख रही है जहां पानी में गंदगी मिल रही है। अभी तक कुछ ही प्वाइंट विभागों को मिले हैं। जबकि अन्य कई जगहों में भी प्वाइंट है जहां पानी की पाइपें नाले के बीच से आ रहे हैं। वहीं शुक्रवार को पानी के भरे सैंपलों की रिपोर्ट शनिवार को भी नहीं आई। हालांकि स्वास्थ्य विभाग को अलग-अलग लैब में भेजे गए सैंपलों की रिपोर्ट का भी इंतजार है। उधर, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. कविता शर्मा ने बताया कि शनिवार को 15 लोग डायरिया से पीड़ित होकर इलाज कराने आए थे, जिनका उपचार चला हुआ है।