इंजेक्शन लगाने के बाद पड़ा दौरा, मुंह से निकला खून
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के आपातकालीन वार्ड में सोमवार को युवती की इंजेक्शन लगने के कुछ समय बाद अचानक तबीयत बिगड़ गई। युवती को चक्कर आने की शिकायत हुई और वह बेहोश होकर गिर पड़ी। इसके बाद अस्पताल कर्मियों ने तत्काल उसे उपचार के लिए आपातकालीन वार्ड में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तुरंत इलाज शुरू किया।
युवती इंजेक्शन लगवाने के बाद आपातकालीन वार्ड के बाहर दरवाजे के पास बैठ गई थी। कुछ ही मिनट बाद उसने चक्कर आने की शिकायत की और अचानक उसे दौरा पड़ गया। मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे वापस आपातकालीन वार्ड में पहुंचाया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उपचार के दौरान युवती की हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने तत्काल आवश्यक दवाएं देने के निर्देश दिए। इस दौरान प्रशिक्षु नर्सों और अन्य स्टाफ ने भी उपचार प्रक्रिया में सहयोग किया। बाद में युवती को आवश्यक इंजेक्शन दिए गए, जिसके बाद उसकी स्थिति में सुधार देखा गया।
युवती के परिजनों ने बताया कि वह पेट दर्द की शिकायत के कारण अस्पताल पहुंची थी। चिकित्सकीय जांच के बाद उसे इंजेक्शन लगाया गया था। इंजेक्शन लगने के कुछ समय बाद उसने अस्वस्थ महसूस किया और अस्पताल परिसर में ही बेहोश हो गई।
घटना के बाद चिकित्सकों ने एहतियात के तौर पर युवती को वार्ड में भर्ती कर लिया। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और विशेषज्ञ चिकित्सक उसकी देखरेख कर रहे हैं।
युवती को फिलहाल वार्ड में भर्ती किया गया है। अन्य चिकित्सक उसकी निगरानी कर रहे हैं। उसे दौरा पड़ने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
डॉ. आशीष शर्मा, चिकित्सक