मौसम में बदलाव से होटल कारोबारियों को मिली राहत, 70 फीसदी हो चुकी बुकिंग
वीकेंड पर अच्छा कारोबार की संभावना
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले के मैदानी इलाकों में बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद पर्यटक स्थल कसौली और चायल के होटलों में फोन की घंटियां बजने लगी हैं। इससे होटल कारोबारियों को राहत मिली है। पर्यटक होटल कारोबारियों से फोन पर मौसम के बारे में पूछ रहे हैं और बर्फबारी कितनी हुई, इसकी जानकारी ले रहे हैं। कई पर्यटकों ने तो एडवांस बुकिंग भी शुरू कर दी है। कसौली और चायल के होटलों में अब तक 70 प्रतिशत बुकिंग हो चुकी है, जबकि कुछ पर्यटक मौसम पूर्वानुमान के आधार पर पहले ही पहुंच चुके थे। होटल कारोबारी लंबे समय बाद फोन की घंटियां सुनकर खुश हैं। चायल और कसौली के होटलों में पर्यटकों के फोन आने शुरू हो गए हैं, जो वहां पहुंचने का रास्ता और बर्फबारी के बारे में जानकारी ले रहे हैं। होटल कारोबारियों को उम्मीद है कि इस वीकेंड पर अच्छा कारोबार होगा। पिछले कुछ समय से सूखा और पर्यटन कारोबार में गिरावट का असर था, लेकिन अब मौसम के बदलने से होटलों में फिर से चहल-पहल बढ़ गई है। कसौली, बड़ोग और डगशाई में लंबे समय बाद बर्फबारी हुई है। आसमान से गिरते बर्फ के फाहे देखकर पर्यटक खुश हो गए। कुछ ही देर में पहाड़ सफेद चादर से ढक गए। वीरवार रात करीब 10:30 बजे आंधी-तूफान के बाद बारिश का सिलसिला शुरू हुआ। शुक्रवार सुबह जब लोग उठे तो तापमान में काफी गिरावट आई और कसौली, चायल में हल्की बर्फबारी होने लगी।
कोट
पर्यटकों के फोन आने से कारोबार में अच्छा होने की उम्मीद जागी है। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ से पर्यटक यहां पहुंचने लगे हैं। कुछ पर्यटक तो बर्फबारी से पहले ही चायल पहुंच गए थे। होटल कारोबारी अब इस मौसम को लेकर उत्साहित हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि वीकेंड पर पर्यटन क्षेत्र में अच्छे कारोबार की संभावना है।
देवेंद्र वर्मा,अध्यक्ष,होटल एसोसिएशन,चायल
कसौली में बर्फबारी के बाद हेरिटेज मार्केट में बिछी सफेद चादर। संवाद- फोटो : संवाद
कसौली में बर्फबारी के बाद हेरिटेज मार्केट में बिछी सफेद चादर। संवाद- फोटो : संवाद