पहले दिन 10 विद्यार्थियों ने किया ऑनलाइन आवेदन, 19 जून तक जारी रही प्रक्रिया
20 जून को जारी होगी पहली मेरिट लिस्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
कसौली (सोलन)। राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीए और बीकॉम प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया एक जून से शुरू हो गई है। प्रवेश प्रक्रिया के पहले ही दिन 10 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुनीता गोयल ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार इस वर्ष संपूर्ण प्रवेश प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से संपन्न की जाएगी। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 19 जून निर्धारित की गई है। इसके बाद प्रथम मेरिट सूची 20 जून को जारी की जाएगी, जबकि चयनित विद्यार्थियों को 21 से 23 जून तक फीस जमा करवानी होगी। प्राचार्या ने कहा कि कला और वाणिज्य संकाय में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थी कॉलेज की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पात्रता, विषय संयोजन, शुल्क संरचना और अन्य आवश्यक नियमों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया।