सोलन में कोविड टीकाकरण अभियान को लेकर बैठक करते उपायुक्त। संवाद
- फोटो : SOLAN
सोलन। सार्वजनिक स्थानों में मास्क न लगाने पर पुलिस की ओर से कार्रवाई की जाएगी। कोविड के बीच शहर में बिना मास्क घूम रहे लोगों की पड़ताल अमर उजाला ने ग्राउंड रिपोर्ट के माध्यम से की थी। अब उपायुक्त सोलन केसी चमन ने पुलिस को बिना मास्क घूम रहे लोगों के चालान काटने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सोलन में आयोजित जिला कार्यबल बैठक की अध्यक्षता करते हुए ये निर्देश जारी किए।
उन्होंने कहा कि कोविड टीकाकरण से पहले लोगों को ऑनलाइन पंजीकरण करवाना होगा। यह पंजीकरण निर्धारित टीकाकरण केंद्र के लिए आरोग्य सेतु एप पर जाकर करवाना होगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक टीकाकरण सत्र के लिए 70 प्रतिशत ऑनलाइन पंजीकरण होगा तथा 30 प्रतिशत लोगों को ऑन स्पॉट टीकाकरण के लिए पंजीकृत किया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि यदि ऑन स्पॉट 30 प्रतिशत से अधिक व्यक्ति टीकाकरण के लिए पहुंच जाते हैं तो उन्हें अगले कार्यदिवस पर टीकाकरण के लिए बुलाया जाएगा ताकि भीड़ एकत्र न हो। कोविड-19 के लिए निर्धारित नियमों की अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में पुलिस अधीक्षक सोलन अभिषेक यादव, उपमंडलाधिकारी सोलन अजय यादव, आदेशक गृह रक्षा डॉ. शिव कुमार शर्मा, उपमंडलाधिकारी कंडाघाट डॉ. संजीव धीमान, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजन उप्पल, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अजय सिंह तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।