बद्दी पुलिस ने आपरेशन सेफ स्ट्रीट के तहत जब्त किए वाहन- स्रोत- पुलिस
बद्दी व बरोटीवाला पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान
झुग्गी बस्तियों व औद्योगिक क्षेत्रों में खंगाले गए संदिग्ध वाहन
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। बद्दी पुलिस ने ऑपरेशन सेफ स्ट्रीट के तहत कार्रवाई करते हुए बद्दी और बरोटीवाला क्षेत्र में बिना नंबर प्लेट के दौड़ रहे 11 दोपहिया वाहनों को जब्त किया है। पुलिस ने विशेष चेकिंग और गश्त अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान के निर्देशों पर विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में यह अभियान चलाया गया। इसके तहत पुलिस की अलग-अलग टीमों ने औद्योगिक क्षेत्रों, झुग्गी-बस्तियों, चक्का क्षेत्र और लेबर चौक सहित कई स्थानों पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों से पूछताछ करने के साथ सार्वजनिक स्थानों पर खड़े लावारिस और संदिग्ध वाहनों की भी जांच की गई।
पुलिस ने थाना बद्दी क्षेत्र में बिना नंबर प्लेट के छह दोपहिया वाहन जब्त किए, जबकि थाना बरोटीवाला क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन करने वाले पांच दोपहिया वाहन इंपाउंड किए गए। इसके अलावा अन्य संदिग्ध वाहनों की भी जांच की गई और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने कहा कि क्षेत्र में अपराध, अपराधियों और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशन सेफ स्ट्रीट चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।