सोलन। कालका-शिमला नेशनल हाईवे पांच पर चंबाघाट में न्यायालय के आदेशों के बाद अतिक्रमण पर कार्रवाई की गई। इस दौरान चंबाघाट व बसाल रोड पर अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को जिला प्रशासन की टीम ने हटाया। कार्रवाई सुबह 10:30 बजे शुरू हुई। इस दौरान कारोबारियों में हडकंप मच गया। वहीं, कारोबारियों ने टीम को देखते ही सामान इधर-उधर रखना शुरू कर दिया। वीरवार को उपमंडलाधिकारी सोलन डॉ. पूनम बंसल की अध्यक्षता में कार्रवाई शुरू हुई। टीम में लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई, राजस्व विभाग समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। दलबल के साथ टीम ने अतिक्रमण हटाने का कार्य शुरू किया। वहीं, अतिक्रमण कर बैठे 15 के चालान भी किए गए और 20,000 रुपये जुर्माना वसूला गया। चंबाघाट व आसपास के क्षेत्र में देखा गया कि सड़क पर लोगों ने वाहन मरम्मत वर्कशॉप खोल दी है। इससे अतिक्रमण को बढ़ावा दिया जा रहा है। इन्हें मौके पर ही हटाने के लिए कहा है। टीम ने नोटिस भी चस्पां किए हैं। अतिक्रमण हटाने का 25 मई तक का समय दिया है। लोगों को हिदायत दी है कि यदि वे तय समय में अतिक्रमण नहीं हटाते है तो प्रशासन की टीम द्वारा जेसीबी मशीन से अवैध कब्जे तोड़ेंगे।
अवैध रूप से अतिक्रमण कर बैठे लोगों को हिदायत दे दी गई है। 25 मई का समय दिया गया है कि वे लोग स्वयं अतिक्रमण हटा ले। यदि ऐसा नहीं होता है तो जिला प्रशासन की टीम जेसीबी से अवैध कब्जों को हटा देगी।