दुकानदारों और रेहड़ी-फड़ी संचालकों को दी सख्त हिदायत, बेतरतीब खड़े वाहन भी हटवाए
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और आम जनता की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए बद्दी पुलिस ने साई रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। सड़क किनारे बने फुटपाथों से अवैध अतिक्रमण हटवाया गया। पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए फुटपाथ पर कुछ लोगों ने सामान रखकर अवैध कब्जा कर रखा था। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर फुटपाथ खाली करवाया और दुकानदारों व रेहड़ी-फड़ी संचालकों को भविष्य में सड़क या फुटपाथ पर सामान न रखने की सख्त हिदायत दी। इसके साथ ही सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों को भी हटवाया गया, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को जाम की समस्या से राहत मिल सके। पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे सड़कों व फुटपाथों पर अतिक्रमण न करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।